.हैलो मैं कोतवाली से बोल रही हूं, महिला सिपाही के इतने अल्फाज कहते ही फोन रिसीव करने वाले ने गाली-गलौज, अभद्रता शुरू कर दी। महिला सिपाही ने फोन काटकर दोबारा मिलाया। इसके बावजूद आरोपी अभद्रता करने से नहीं माना।

पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है। शुक्रवार को कोतवाली में तैनात महिला सिपाही होम क्वारंटाइन प्रवासियों का सूचीबद्ध तरीके से सत्यापन करने में जुटी थीं। पुलिस के पास जो सूची थी उसमें महिला सिपाही ने एक नम्बर डायल किया।
महिला सिपाही का फोन रिसीव करने वाले होम क्वारंटाइन व्यक्ति से उन्होंने जरुरी जानकारी मांगी। आरोपी चुप रहा। इसके बाद आरोपी के नाम-पते को तस्दीक करने के लिये सवाल किया गया तो वह भड़क गया। महिला सिपाही से फोन पर ही आरोपी गाली-गलौज करने लगा। महिला सिपाही ने उसे बताया कि वह कोतवाली से बात कर रही हैं।
आरोपी ने महिला सिपाही की एक नहीं सुनी। आरोपी की हरकत के बारे में कोतवाली में तैनात वरिष्ठ अफसरों को जानकारी दी गई। इसके बाद आरोपी प्रवासी की पुलिस ने खोजबीन शुरु कर दी है।
उपनिरीक्षक चंदन सिंह बिष्ट ने बताया कि महिला सिपाही ने होम क्वारंटाइन व्यक्ति का सत्यापन करने के लिये फोन किया था। आरोपी फोन पर अभद्रता कर रहा है। आरोपी की तलाश की जा रही है। प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई की जायेगी।