लॉकडाउन के दौरान नौकरी जाने से डिप्रेशन में आये युवक ने रस्सी का फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

वार्ड 1 चुकटी देवरिया निवासी चामुंडा पाल का पुत्र अंचलपाल (32) सिडकुल की कंपनी में बतौर लीगल एडवाइजर कार्यरत था। वह अपनी पत्नी भावना एवं डेढ़ वर्ष की पुत्री आहना के साथ हंसी खुशी रह रहा था। बताया जा रहा है लॉकडाउन होने के बाद अंचल की नौकरी चली गई। जिसके कारण वह अवसाद से ग्रसित होने लगा। रविवार सुबह अंचल ने अपने कमरे में रस्सी का फंदा बनाकर जान दे दी। परिजनों ने जब कमरे में जाकर देखा तो उनके होश उड़ गये। अंचल को आनन-फानन सीएचसी लाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अंचल की मौत का समाचार मिलते ही उसके घर में कोहराम मच गया। शोक संप्तत परिवार को ढ़ाढस बधाने के लिए बड़ी संख्या में लोग उनके घर पहुंचने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।